Custom Search
Showing posts with label बाल कविता. Show all posts
Showing posts with label बाल कविता. Show all posts

Tuesday, March 11, 2008

बंदर मामा












बंदर मामा, नटखट मामा,
खी-खी करते जाते,
केला और टमाटर खाते,
बंदरिया संग नाच दिखाते।

-प्रभाकर पाण्डेय

माँ








प्यारी-प्यारी होती माँ,
सबसे न्यारी होती माँ,
सदा अपना प्यार जताती,
अच्छी-अच्छी बात बताती।

-प्रभाकर पाण्डेय

Monday, March 10, 2008

A से अ AA से आ









A से अ, AA से आ,
चुप मत रह, पढ़ते जा।
I से इ, EE से ई,
सुनिए जी, पढ़िए जी।
U से उ, OO से ऊ,
बोले कोयल कू, कू, कू।
E से ए, AI से ऐ,
प्रेम से बोलो, माँ की जय।
O से ओ, AU से औ,
कुत्ता बोले, भौं, भौं, भौं।
AN से अं, AH से अः ,
चुप मत बैठ, दुबारा कह।।


-प्रभाकर पाण्डेय

Wednesday, February 6, 2008

तारे







प्यारे तारे कहाँ गए थे,
दिन में नहीं दिए दिखाई,
पढ़ने गया था मैं स्कूल,
तुम भी पढ़ो मेरे भाई।
खूब पढ़ो तुम खूब पढ़ो,
देश का नाम रोशन करो,
अंधेरे में राह दिखाओ,
सबका जीवन हो सुखदाई।


-प्रभाकर पाण्डेय

प्यारे तारे








रात होते ही आते तारे,

सुबह-सुबह चले जाते तारे,
रातभर मौज मनाते तारे,

बारिश में भींग जाते तारे।

प्यारे-प्यारे दिखते तारे,
चमचम चमचम चमकें तारे,
छोटे-छोटे न्यारे-न्यारे,
मुझको अच्छे लगते तारे।


-प्रभाकर पाण्डेय

Tuesday, February 5, 2008

चंदा मामा










चंदा मामा, चंदा मामा,
मेरे पास आओ ना,
मुझे और मेरी बहना को,
हवा में सैर कराओ ना,
चंदा मामा, चंदा मामा,
मेरे पास आओ ना।१।
कभी छोटे कभी बड़े होते,
कभी दिखते कभी छिपते,

कभी-कभी दिन में आकर,
मेरा मन बहलाओ ना,

चंदा मामा, चंदा मामा,

मेरे पास आओ ना।२।
हलवा और पुड़ी ले आना,

तारों को भी साथ ले आना,

आँखें बड़ी-बड़ी करके,
हम बच्चों को हँसाओ ना,

चंदा मामा, चंदा मामा,

मेरे पास आओ ना।३।
-प्रभाकर पाण्डेय

Tuesday, January 22, 2008

आम








१.
सुंदर और सजीला है,
कितना-कितना मीठा है,
मेरा जी ललचाता है,
आम फलों का राजा है।
_______________

२.
सभी फलों का राजा है,
कभी हरा कभी पीला है,
मुँह से चूसा जाता है,
आम सभी को भाता है।

-प्रभाकरगोपालपुरिया

Friday, January 4, 2008

बिल में घुस जाते हो








चूहा बोला, बिल्ली रानी,

क्यों इतना तड़पाती हो,
बिना हमारी बात सुने,
हम सबको खा जाती हो।
बिल्ली बोली, चूहे राजा,
क्यों इतना तड़पाते हो,
बिना हमारी बात सुने,
क्यों बिल में घुस जाते हो।
-प्रभाकर पाण्डेय

हिमालय







भारत के उत्तर में स्थित,
हिमालय पर्वत महान है,
माँ भारती की रक्षा करता,
यह भारत की शान है।
-प्रभाकर पाण्डेय

चूहे लाल








चूहे लाल, चूहे लाल

बन ठनकर निकले ससुराल
रास्ते में म्याऊँ मिल गई
बुरा हुआ अब उनका हाल
म्याऊँ बोली डरो नहीं तुम
बेहिचक जाओ मेरे लाल
अभी मुझे भूख नहीं है
तेरी बीबी को खा आई हूँ आज।
-प्रभाकर पाण्डेय

Saturday, December 29, 2007

रिमझिम रिमझिम बरसे पानी








रिमझिम रिमझिम बरसे पानी,

झमझम झमझम बरसे पानी,
छाता लेकर दौड़ो रानी,
भीग रही है तेरी नानी।
नानी को भीग जाने दो,
बारिश तो खुल जाने दो,
फिर मैं छाता लेकर जाऊँगी,
भीगी नानी को लेकर आऊँगी।
-प्रभाकर पाण्डेय

 
www.blogvani.com चिट्ठाजगत